हाल ही में एक प्रौद्योगिकी कंपनी हेक्सागोन (Hexagon) ने तेलंगाना राज्य सरकार को कुतुब शाही मकबरा का डिजिटल प्रतिरूप प्रस्तुत किया है।
डिजिटल प्रतिरूप (Digital Twin)
यह किसी वस्तु का त्रि-आयामी आभासी निरूपण (Three Dimensional Virtual Representation) है, जो किसी भौतिक वस्तु के प्रदर्शन, संचालन या उसके अन्य आयामों का वास्तविक प्रतिरूप निर्मित करता है।
उद्देश्य: यह तकनीक कंपनियों और संगठनों को किसी भौतिक वस्तु या प्रक्रिया को पूर्ण रूप से समझने में सहायता करती है।
लाभ
यह किसी वस्तु की आकृति के अनुकरण हेतु परीक्षण प्रक्रिया में सहायक है।
इसके माध्यम से समय और ऊर्जा की बचत होती है।
उपयोगिता: स्मार्ट सिटी जैसी परियोजनाओं के विभिन्न परिदृश्यों (भीषण घटनाओं, जनसंख्या वृद्धि, प्राकृतिक आपदाओं आदि) के तहत बुनियादी ढाँचे के निर्माण में इस तकनीक का उपयोग नीति निर्माताओं द्वारा किया जा रहा है।
मोहम्मद कुली कुतुब शाह का मकबरा (Mohammed Quli Qutub Shah’s Tomb)
परिचय: वर्ष 1602 में बना यह मकबरा कुतुब शाही विरासत स्थल परिसर में निर्मित सबसे बड़े मकबरों में से एक है, जिसकी कुल ऊँचाई 60 मीटर है।
कुतुब शाही वंश के चौथे राजा मुहम्मद कुली कुतुब शाह (1581- 1611) ने हैदराबाद की नींव रखी। उनके शासनकाल के दौरान यह राजवंश अपने भौतिक और सांस्कृतिक जीवन के उत्कर्ष पर पहुँच चुका था।
कुतुब शाह के मकबरें (Qutub Shah’s Tombs)
एक ऊँचे चबूतरे पर कब्रों का समूह मौजूद हैं, जो गोलकुंडा के दिवंगत राजाओं की याद में स्थापित की गई थीं।
यह दुनिया में एतिहासिक दृष्टिकोण से अजूबा है क्योंकि राजवंश के सभी राजाओं को एक ही स्थान पर दफनाया गया है।
इसका निर्माण कुतुब शाह (Qutub Shah) द्वारा करवाया गया था|
अवस्थिति: यह स्थान गोलकुंडा किले से एक किलोमीटर उत्तर में स्थित है, जिसे बंजारा दरवाजा (Banjara Darwaza), हैदराबाद कहा जाता है।
स्थापत्य शैली (Architectural Style): इसके निर्माण में फारसी, पठान और हिंदू स्थापत्यशैलियों का बेजोड़ मिश्रण किया गया है।
सामग्री का उपयोग: इसके निर्माण में ग्रे ग्रेनाइट (Grey Granite) का प्रयोग किया गया है, जिसे प्लास्टर से अलंकृत (Stucco Ornamentation) किया गया है।
स्थापत्य की विशेषता
बारीक नक्काशीदार पत्थर से सजी और सुंदर बगीचों के मध्य निर्मित ये कब्रें कुतुब शाही राजवंश की स्थापत्य परंपराओं का उदाहरण हैं।
प्रत्येक स्थापत्य का निर्माण वर्गाकार आधारों के ऊपर गुंबद जैसी संरचनाएँ से हुआ है, जो नुकीले मेहराबों से सुसज्जित है।
Latest Comments