‘पृथ्वी दिवस’ पर्यावरण सुरक्षा और संरक्षण के लिए जागरूकता तथा समर्थन बढ़ाने के लिए 22 अप्रैल को मनाया जाने वाला एक वार्षिक कार्यक्रम है।
संबंधित तथ्य
विश्व पृथ्वी दिवस, जिसे ‘अंतरराष्ट्रीय मातृ पृथ्वी दिवस’ के रूप में भी जाना जाता है, एक विश्व स्तर पर मान्यता प्राप्त कार्यक्रम है, जो जागरूकता बढ़ाने और हमारे ग्रह की स्थिरता को बढ़ावा देने के लिए समर्पित है।
थीम: ‘प्लैनेट वर्सेज प्लास्टिक्स’ (Planet vs. Plastics)
विश्व वन्यजीव कोष के शोध के अनुसार, वैश्विक प्लास्टिक कचरे का उत्पादन वार्षिक रूप से 380 मिलियन टन से अधिक है, जिसकी एक बड़ी मात्रा लैंडफिल, महासागरों और जलमार्गों में पहुँच जाती है।
आने वाली पीढ़ियों के लिए प्लास्टिक-मुक्त भविष्य के निर्माण के अंतिम लक्ष्य के साथ, इस वर्ष का पृथ्वी दिवस मनाया जाएगा।
यह दिवस ग्रह और मानव स्वास्थ्य के लिए प्लास्टिक के खतरे को प्रदर्शित करता है, जिससे वर्ष 2040 तक प्लास्टिक के उत्पादन में 60% की कमी की माँग करते हुए सभी प्रकार के प्लास्टिक कचरे को समाप्त करने का आह्वान किया गया है।
पृष्ठभूमि
पृथ्वी दिवस के पीछे की कहानी वर्ष 1970 से संबंधित है, जब गेलॉर्ड नेल्सन नाम के एक अमेरिकी सीनेटर के मन में पर्यावरण संबंधी मुद्दों के बारे में जागरूकता बढ़ाने का विचार आया।
सीनेटर नेल्सन वर्ष 1969 में कैलिफोर्निया के तट पर तेल रिसाव के विनाशकारी प्रभावों को देखने के बाद यह कार्य करने के लिए प्रेरित हुए थे, और उनका मानना था कि सार्वजनिक जागरूकता तथा शिक्षा, परिवर्तन लाने में सहायता कर सकती है।
सीनेटर नेल्सन ने पर्यावरण पर एक राष्ट्रीय “टीच-इन” के विचार की घोषणा की, जो 22 अप्रैल, 1970 को आयोजित किया जाएगा।
इस अवधारणा ने तेजी से लोकप्रियता हासिल की और संयुक्त राज्य में हजारों कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और समुदायों ने जागरूकता बढ़ाने के लिए कार्यक्रम आयोजित किए।
इनका उद्देश्य पर्यावरणीय मुद्दों के बारे में जागरूकता बढ़ाना और ग्रह की रक्षा के लिए नीतियों की वकालत करना था।
पहला पृथ्वी दिवस एक बड़ी सफलता थी, जिसमें अनुमानतः 20 मिलियन अमेरिकियों ने देश भर के कार्यक्रमों में भाग लिया था। इस आंदोलन के कारण पर्यावरण संरक्षण एजेंसी (EPA) का निर्माण हुआ और स्वच्छ वायु अधिनियम एवं स्वच्छ जल अधिनियम जैसे ऐतिहासिक पर्यावरण कानून पारित हुए।
तब से, पृथ्वी दिवस एक वैश्विक आंदोलन बन गया है, जो लोगों को पर्यावरणीय मुद्दों के बारे में जागरूकता बढ़ाने और अधिक सतत् भविष्य की वकालत करने के लिए एक साथ लाता है।
संयुक्त राष्ट्र सतत् विकास लक्ष्य (SDG) के सुसंगत:SDG-13, जलवायु कार्रवाई, और SDG-15, भूमि पर जीवन, जलवायु कार्रवाई तथा स्थलीय पारिस्थितिकी तंत्र के संरक्षण की तत्काल आवश्यकता पर प्रकाश डालते हैं।
पृथ्वी दिवस द्वारा निर्धारित लक्ष्य
प्लास्टिक से मनुष्यों, जानवरों और सभी जैव विविधता के स्वास्थ्य को होने वाली हानि के बारे में व्यापक जन जागरूकता को बढ़ावा देना और इसके स्वास्थ्य प्रभावों पर अधिक शोध करने की माँग करना, जिसमें जनता के लिए इसके प्रभावों के बारे में कोई भी जानकारी जारी करना शामिल है;
वर्ष 2030 तक सभी एकल-उपयोग प्लास्टिक को तेजी से समाप्त करना और वर्ष 2024 की प्लास्टिक प्रदूषण पर संयुक्त राष्ट्र संधि के तहत इस चरणबद्ध प्रतिबद्धता को प्राप्त करना;
फास्ट फैशन और इसके द्वारा उत्पादित और उपयोग की जाने वाली बड़ी मात्रा में प्लास्टिक के संकट को समाप्त करने वाली नीतियों की माँग करना, और
प्लास्टिक-मुक्त दुनिया बनाने के लिए नवीन प्रौद्योगिकियों और सामग्रियों में निवेश करना।
महत्त्व
विश्व में प्रत्येक वर्ष पृथ्वी दिवस मनाने के अलग-अलग महत्त्व हैं। यहाँ हम आपको हमारे ग्रह में निवेश करने के कुछ माध्यम प्रदान कर रहे हैं, जिनमें शामिल हैं:
नवीकरणीय ऊर्जा का समर्थन करना
सौर, पवन और जल विद्युत जैसे नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों में निवेश करने से जीवाश्म ईंधन पर हमारी निर्भरता कम हो सकती है और जलवायु परिवर्तन से निपटने में मदद मिल सकती है।
वन्य जीवन और पारिस्थितिकी तंत्र की रक्षा करना
वन्यजीव आवासों और पारिस्थितिकी तंत्रों का संरक्षण तथा पुनर्स्थापन जैव विविधता को बनाए रखने एवं प्राकृतिक दुनिया के स्वास्थ्य को बढ़ावा देने में मदद कर सकता है।
अपशिष्ट को कम करना
पुनर्चक्रण, खाद बनाने और प्लास्टिक के उपयोग को कम करने जैसी प्रथाओं के माध्यम से कचरे को कम करने से प्रदूषण को कम करने तथा संसाधनों के संरक्षण में मदद मिल सकती है।
सतत् कृषि का समर्थन करना
सतत् कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देने से मृदा स्वास्थ्य की रक्षा करने, पानी के उपयोग को कम करने और जैव विविधता को बढ़ावा देने में मदद मिल सकती है।
पर्यावरण नीति की वकालत करना
पर्यावरण सुरक्षा और संरक्षण को बढ़ावा देने वाली नीतियों और पहलों का समर्थन करना, जैसे कि कार्बन मूल्य निर्धारण और वन्यजीव संरक्षण कार्यक्रम, ग्रह के लिए एक स्थायी भविष्य सुनिश्चित करने में मदद कर सकते हैं।
Latest Comments