दिल्ली उच्च न्यायालय ने राज्य के अधिकारियों को दिल्ली की डेयरी में मवेशियों पर ऑक्सीटोसिन के इस्तेमाल के विरुद्ध कार्रवाई करने का आदेश दिया है।
संबंधित तथ्य
डेयरियों के खिलाफ याचिका: एक याचिका के संबंध में न्यायालय ने आदेश दिया है, जिसमें अधिकारियों से राजधानी में डेयरियों की जाँच करने की अपील की गई थी।
ऑक्सीटोसिन का बहुतायत इस्तेमाल: मार्च 2023 में दिल्ली उच्च न्यायालय ने राजधानी की नौ डेयरी कॉलोनियों के निरीक्षण के लिए कोर्ट कमिश्नर नियुक्त किया था तथा कोर्ट कमिश्नर ने ऑक्सीटोसिन के ‘बड़े पैमाने पर उपयोग’ की जानकारी दी है।
कोर्ट कमिश्नर ने कहा है कि दिल्ली की सभी नौ नामित डेयरी कॉलोनियों की स्थिति खराब है।
पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960
(Prevention of Cruelty to Animals Act- PCA)
यह पशुयों के प्रति विभिन्न प्रकार की क्रूरता को अपराध की संज्ञा देने वाला प्राथमिक कानून है, जिसके माध्यम से पशुओं को अनावश्यक दर्द या पीड़ा से रोका जाता है।
पशुओं के प्रति क्रूरता: ऑक्सीटोसिन का इस्तेमाल पशु क्रूरता के अंतर्गत आता है तथा यह पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 की धारा 12 के तहत संज्ञेय अपराध है।
साप्ताहिक निरीक्षण और कानूनी कार्रवाई: उच्च न्यायालय ने दिल्ली सरकार के औषधि नियंत्रण विभाग को साप्ताहिक निरीक्षण करने और हार्मोन से संबंधित मामलों को दर्ज करने की बात कही है।
स्रोत की जानकारी: उच्च न्यायालय ने दिल्ली पुलिस से ऑक्सीटोसिन के उत्पादन, पैकेजिंग और वितरण के स्रोतों की पहचान करने तथा कानून के अनुसार कार्रवाई करने का आदेश दिया है।
ऑक्सीटोसिन (Oxytocin)
परिचय: इसे ‘लव हार्मोन’ (Love Hormone) के रूप में भी जाना जाता है, ऑक्सीटोसिन स्तनधारियों की पिट्यूटरी ग्रंथियों द्वारा संभोग, प्रसव, स्तनपान या सामाजिक बंधन के दौरान स्रावित होता है।
फार्मा कंपनियों द्वारा रासायनिक रूप से इसका निर्माण और बिक्री किया जाता है, जिसका उपयोग प्रसव के दौरान होता है। इसे इंजेक्शन या नाक के माध्यम से द्रव के रूप में मानव शरीर को दिया जाता है।
भूमिका: ऑक्सीटोसिन महिला और पुरुष दोनों की प्रजनन प्रणाली में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यह प्रसव और बच्चे के जन्म लेने की प्रक्रिया तथा जन्म के बाद स्तन से दूध के स्राव में सहायक है।
यह मस्तिष्क में रासायनिक संदेशवाहक (Chemical Messenger) के रूप में भी कार्य करता है तथा मानव व्यवहार के महत्त्वपूर्ण तत्त्वों जैसे सामाजिक मान्यता, संबंध निर्माण और दीर्घकालिक भावनात्मक लगाव को प्रभावित करता है।
महत्त्व: बच्चों के जन्म के दौरान महिलाओं के गर्भ से अत्यधिक रक्तस्राव का खतरा रहता है, जो माताओं की मृत्यु का एक सामान्य कारण भी है। इससे बचने के लिए ऑक्सीटोसिन का उपयोग किया जाता है।
वर्ष 2001 से 2003 के बीच भारत नमूना पंजीकरण योजना सर्वेक्षण के आँकड़ों के अनुसार, प्रसव के पश्चात् माताओं की कुल मृत्यु में रक्तस्राव के कारण मरने वालों की संख्या 38 प्रतिशत थी।
संबंधित चिंताएँ
ऑक्सीटोसिन का दुरुपयोग: इसका इस्तेमाल डेयरी पशुओं में दूध उत्पादन बढ़ाने के लिए अवैध रूप से किया जा रहा है, जो पशुओं में दर्दनाक प्रक्रियाओं के माध्यम से दूध उत्पादन के लिए जिम्मेवार है तथा लंबे समय तक इसके उपयोग से पशु बाँझ हो सकते हैं।
स्वास्थ्य पर प्रभाव: उत्पादन बढ़ाने के लिए दुधारू मवेशियों पर इसका अत्यधिक उपयोग किया जाता है, जिसके कारण मवेशियों के स्वास्थ्य तथा इन मवेशियों के दूध का सेवन करने वाले मनुष्यों के स्वास्थ्य पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ता है एवं स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियाँ उत्पन्न होती हैं।
ऑक्सीटोसिन के माध्यम से स्रावित दूध में रासायनिक अवशेष हो सकते हैं, जो संभावित रूप से मानव उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के लिए महत्त्वपूर्ण समस्या है।
Latest Comments