100% तक छात्रवृत्ति जीतें

रजिस्टर करें

मैग्नेटिक लेविटेशन (मैगलेव) टेक्नोलॉजी

Lokesh Pal July 23, 2026 02:38 4 0

संदर्भ 

मैग्नेटिक लेविटेशन (मैगलेव) प्रौद्योगिकी, में शक्तिशाली चुंबकीय क्षेत्रों का उपयोग करके ट्रेनों को पटरियों के ऊपर उत्तोलित किया जाता है तथा उन्हें बिना पटरियों के साथ भौतिक संपर्क के संचालित किया जाता है, जिससे उच्च गति, कम रखरखाव तथा सुगम परिवहन संभव होता है।

मैगलेव के बारे में

  • मैगलेव (मैग्नेटिक लेविटेशन) एक परिवहन प्रौद्योगिकी है, जिसमें ट्रेनें पहियों के स्थान पर विद्युतचुंबकीय बलों का उपयोग करके गाइडवे के कुछ ऊपर बिना किसी भौतिक संपर्क के संचालित होती हैं।

  • कार्य सिद्धांत: यह प्रौद्योगिकी विद्युतचुंबकीय बल पर करती है, जो गुरुत्वाकर्षण बल की तुलना में अत्यधिक शक्तिशाली होता है, ताकि ट्रेन को उत्तोलित (Lift), प्रणोदित (Propel) तथा स्थिर (Stabilise) किया जा सके।
  • लाभ: चूँकि इसमें घूर्णन घर्षण (Rolling Friction) नहीं होता है, इसलिए मैगलेव ट्रेन्स की गति सर्वाधिक होती है, साथ ही यह अधिक सुगम यात्रा अनुभव प्रदान करती हैं तथा वर्षा या हिमपात जैसी मौसमीय आपदाओं से अपेक्षाकृत कम प्रभावित होती हैं।

मैगलेव ट्रेन का उत्तोलन कैसे होता है

  • इलेक्ट्रोमैग्नेटिक सस्पेंशन (EMS): ट्रेन के नीचे लगाए गए इलेक्ट्रोमैग्नेट फेरोमैग्नेटिक गाइडवे को आकर्षित करते हैं, जिससे ट्रेन पटरियों से लगभग 10 मिमी. ऊपर उठ जाती है।
    • नियंत्रण प्रणाली: सेंसर निरंतर चुंबकीय बल को समायोजित करते रहते हैं, ताकि उत्तोलन अंतर (Levitation Gap) स्थिर बना रहे।
    • लाभ: ट्रेन स्थिर अवस्था में भी उत्तोलित रह सकती है।

  • इलेक्ट्रोडायनेमिक सस्पेंशन (EDS): इस प्रणाली में ट्रेन पर लगे सुपरकंडक्टिंग चुंबक, गाइडवे की कुंडलियों में प्रेरित विद्युत धारा द्वारा उत्पन्न प्रतिकर्षी चुंबकीय बल के माध्यम से ट्रेन को उत्तोलित रखते हैं ।
    • संचालन संबंधी आवश्यकता: उत्तोलन तभी होता है, जब ट्रेन की गति लगभग 100 किमी/घंटा तक पहुँच जाती है, इसलिए कम गति पर संचालन के लिए सहायक पहियों की आवश्यकता होती है।
    • प्रदर्शन: ट्रेन सामान्यतः गाइडवे से लगभग 100 मिमी. ऊपर उत्तोलित रहती है तथा EMS प्रणाली की तुलना में अधिक संचालन गति प्राप्त कर सकती है।

मैगलेव ट्रेनों का प्रणोदन कैसे होता है?

  • रैखिक मोटर तकनीक: गाइडवे से संलग्न  कुंडलियों (Coils) में प्रेरित प्रत्यावर्ती धारा (AC) एक गतिमान चुंबकीय क्षेत्र उत्पन्न करती है।
  • अग्रगामी गति: ट्रेन पर लगे चुंबक आगे स्थित चुंबकीय ध्रुवों की ओर आकर्षित होते हैं तथा पीछे स्थित ध्रुवों द्वारा प्रतिकर्षित होते हैं, जिससे ट्रेन निरंतर आगे बढ़ती रहती है।
  • गति का नियंत्रण:  प्रत्यावर्ती धारा (AC) की आवृत्ति बढ़ाने पर ट्रेन की गति बढ़ती है, जबकि इसकी आवृत्ति घटाने या गतिमान चुंबकीय क्षेत्र की दिशा परिवर्तित करने पर ट्रेन की गति कम हो जाती है अथवा वह रुक जाती है।
  • रिजेनेरेटिव ब्रेकिंग: ब्रेक लगते समय ट्रेन की गतिज ऊर्जा का एक भाग विद्युत ऊर्जा में परिवर्तित होकर पुनः विद्युत ग्रिड की ओर प्रवाहित होता है, जिससे ऊर्जा दक्षता बढ़ती है।

ब्रेकिंग एवं सुरक्षा प्रणालियों के प्रकार:

  • चुंबकीय मार्गदर्शन: गाइडवे के दोनों ओर स्थापित मार्गदर्शी (Guidance) चुंबक पार्श्वीय (Lateral) स्थिरता प्रदान करते हैं, जिससे ट्रेन स्वचालित रूप से गाइडवे के मध्य संचालित होती है।
  • आपातकालीन ब्रेकिंग: जब चुंबकीय ब्रेकिंग पर्याप्त नहीं होती है, तब प्रणाली सहायक पहियों के ब्रेक तथा घर्षण ब्रेक पैड का उपयोग करती है।

मैगलेव ट्रेन एवं बुलेट ट्रेन के मध्य तुलना: 

मापदंड मैगलेव ट्रेन बुलेट ट्रेन (हाई-स्पीड रेल)
प्रौद्योगिकी पटरियों से कुछ ऊपर चुंबकीय उत्तोलन के माध्यम से चलती है, जिससे पहिया और पटरी के मध्य संपर्क समाप्त हो जाता है। पारंपरिक इस्पात के पहियों एवं इस्पात पटरियों का उपयोग किया जाता है।
गति 500–600 किमी./घंटा अथवा उससे अधिक गति प्राप्त कर सकती है। सामान्यतः 250–350 किमी./घंटा की गति से संचालित होती है।
अवसंरचना समर्पित मैगलेव गाइडवे तथा विशेषीकृत अवसंरचना की आवश्यकता होती है। समर्पित हाई-स्पीड रेल पटरियों का उपयोग करती है, जिनकी प्रौद्योगिकी अपेक्षाकृत पारंपरिक होती है।
परिचालन लागत एवं रखरखाव प्रारंभिक पूँजीगत लागत अधिक होती है, किंतु भौतिक संपर्क के अभाव में यांत्रिक घर्षण कम होने से रखरखाव अपेक्षाकृत कम होता है। प्रारंभिक निवेश कम होता है, किंतु पहिया–पटरी घर्षण के कारण रखरखाव अधिक होता है।
वैश्विक अपनापन सीमित वाणिज्यिक उपयोग (जैसे चीन, तथा जापान में विकासाधीन)। जापान, चीन, फ्राँस, स्पेन एवं इटली सहित अनेक देशों में व्यापक रूप से अपनाई गई है।

मैगलेव टेक्नोलॉजी के लाभ

  • अत्यधिक गति: मैगलेव ट्रेन्स 400 किमी./घंटा से अधिक गति पर संचालित हो सकती हैं, जबकि जापान की SCMAGLEV प्रणाली ने 603 किमी./घंटा की गति प्राप्त की है।
  • न्यूनतम घर्षण: पहियों एवं पटरी के मध्य संपर्क के अभाव में यांत्रिक घर्षण तथा रखरखाव की आवश्यकता उल्लेखनीय रूप से कम हो जाती है।
  • ऊर्जा दक्षता: घर्षण कम होने से, विशेषकर मध्यम परिचालन गति पर, ऊर्जा दक्षता में सुधार होता है।
  • यात्री सुविधा: पारंपरिक रेल प्रणालियों से जुड़ा कंपन समाप्त हो जाती है, जिससे यात्रा अधिक सुगम एवं शांत होती है।
  • मौसमी के प्रति सहनशीलता: इसका प्रदर्शन वर्षा, हिमपात अथवा पटरियों के घर्षण से अपेक्षाकृत कम प्रभावित होता है।

सीमाएँ

  • उच्च पूँजीगत लागत: समर्पित गाइडवे, चुंबक तथा नियंत्रण प्रणालियों के निर्माण के लिए अत्यधिक निवेश की आवश्यकता होती है।
  • समर्पित अवसंरचना: मैगलेव ट्रेन का संचालन मौजूदा रेलवे पटरियों पर संभव नहीं है। अतः इनके लिए पृथक अवसंरचना की आवश्यकता होती है।
  • वायुगतिकीय प्रतिरोध: 300 किमी./घंटा से अधिक गति पर वायु प्रतिरोध ऊर्जा हानि का प्रमुख स्रोत बन जाता है।
  • सीमित वाणिज्यिक व्यवहार्यता: विशाल अवसंरचनात्मक लागत के वहन के लिए उच्च यात्री माँग आवश्यक होती है।

रेलवे के अतिरिक्त अनुप्रयोग

  • औद्योगिक मशीनरी: उच्च गति टरबाइनों, कंप्रेसरों तथा चुंबकीय बेयरिंगों में यांत्रिक घर्षण को कम करने के लिए इसका उपयोग किया जाता है।
  • विमानवाहक पोत: नौसैनिक विमानवाहक पोतों से विमानों के प्रक्षेपण के लिए रैखिक मोटर प्रौद्योगिकी का उपयोग किया जाता है।
  • विनिर्माण: सेमीकंडक्टर निर्माण, CNC मशीनिंग, खाद्य एवं औषधीय पैकेजिंग तथा डीएनए अनुक्रमण में उच्च परिशुद्धता वाली गति सुनिश्चित करने में इसका उपयोग होता है।
  • वैज्ञानिक अनुसंधान: जैविक नमूनों, द्रवों, तरल धातुओं तथा अन्य पदार्थों को प्रयोगों के लिए चुंबकीय उत्तोलन द्वारा निलंबित रखने में इसका उपयोग किया जाता है।

वैश्विक स्थिति

  • चीन: शंघाई में मैगलेव का संचालन होता है, जो विश्व के सर्वाधिक तीव्र गति से संचालित वाणिज्यिक हाई-स्पीड रेल प्रणालियों में से एक है।
  • जापान: SCMAGLEV प्रणाली ने वर्ष 2015 में परीक्षण के दौरान इलेक्ट्रोडायनेमिक सस्पेंशन (EDS) प्रौद्योगिकी का उपयोग करते हुए 603 किमी./घंटा की विश्व रिकॉर्ड गति प्राप्त की।

भारत के समक्ष चुनौतियाँ

  • उच्च अवसंरचना लागत: समर्पित गाइडवे तथा विद्युतचुंबकीय प्रणालियों के निर्माण के लिए भारी पूँजीगत निवेश की आवश्यकता होती है।
  • प्रौद्योगिकी पर निर्भरता: मैगलेव प्रौद्योगिकियों में भारत की स्वदेशी विशेषज्ञता अभी सीमित है।
  • आर्थिक व्यवहार्यता: निवेश को न्यायोचित ठहराने के लिए उच्च यात्री घनत्व आवश्यक है।
  • भूमि अधिग्रहण: नए गलियारों के विकास के लिए पर्याप्त भूमि अधिग्रहण तथा पर्यावरणीय स्वीकृतियों की आवश्यकता होती है।

आगे की राह

  • स्वदेशी अनुसंधान को प्रोत्साहित करना: चुंबकीय प्रणोदन, सुपरकंडक्टिंग पदार्थों तथा रैखिक मोटर प्रौद्योगिकियों में अनुसंधान एवं विकास (R&D) को सुदृढ़ किया जाना चाहिए।
  • पायलट परियोजनाओं का विकास: तकनीकी एवं आर्थिक व्यवहार्यता का मूल्यांकन करने के लिए प्रदर्शन गलियारों का विकास किया जाना चाहिए।
  • सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) को प्रोत्साहित करना: प्रौद्योगिकी विकास एवं अवसंरचना निर्माण के लिए निजी निवेश को आकर्षित किया जाना चाहिए।
  • राष्ट्रीय परिवहन नियोजन के साथ एकीकरण: मैगलेव प्रौद्योगिकी का विकास उन उच्च-यातायात माँग वाले अंतर-शहरी गलियारों में किया जाना चाहिए, जहाँ पारंपरिक उच्च गति रेल की क्षमता अपर्याप्त सिद्ध हो सकती है।

निष्कर्ष

मैगलेव तकनीक उच्च गति रेल परिवहन की अगली पीढ़ी का प्रतिनिधित्व करती है, जो अधिक तीव्र, स्वच्छ तथा दक्ष गतिशीलता प्रदान करती है। यद्यपि इसका व्यापक प्रसार उच्च अवसंरचना लागत के बावजूद, प्रौद्योगिकीय नवाचार, नीतिगत समर्थन एवं रणनीतिक निवेश मैगलेव को भविष्य की सतत् परिवहन प्रणाली का महत्त्वपूर्ण घटक बना सकते हैं।

Final Result – CIVIL SERVICES EXAMINATION, 2023. PWOnlyIAS is NOW at three new locations Mukherjee Nagar ,Lucknow and Patna , Explore all centers Download UPSC Mains 2023 Question Papers PDF Free Initiative links -1) Download Prahaar 3.0 for Mains Current Affairs PDF both in English and Hindi 2) Daily Main Answer Writing , 3) Daily Current Affairs , Editorial Analysis and quiz , 4) PDF Downloads UPSC Prelims 2023 Trend Analysis cut-off and answer key

THE MOST
LEARNING PLATFORM

Learn From India's Best Faculty

      

Final Result – CIVIL SERVICES EXAMINATION, 2023. PWOnlyIAS is NOW at three new locations Mukherjee Nagar ,Lucknow and Patna , Explore all centers Download UPSC Mains 2023 Question Papers PDF Free Initiative links -1) Download Prahaar 3.0 for Mains Current Affairs PDF both in English and Hindi 2) Daily Main Answer Writing , 3) Daily Current Affairs , Editorial Analysis and quiz , 4) PDF Downloads UPSC Prelims 2023 Trend Analysis cut-off and answer key

<div class="new-fform">







    </div>

    Subscribe our Newsletter
    Sign up now for our exclusive newsletter and be the first to know about our latest Initiatives, Quality Content, and much more.
    *Promise! We won't spam you.
    Yes! I want to Subscribe.