संदर्भ
- सर्वोच्च न्यायालय की ग्रीष्मकालीन अवकाश अवधि 12 जुलाई, 2026 को समाप्त हो गई। इसके साथ ही इस बात पर फिर से बहस तेज हो गई है कि जब भारत की विभिन्न अदालतों में तकरीबन 5.39 करोड़ से अधिक मामले लंबित हैं, इसके बावजूद क्या न्यायालयों की लंबी छुट्टियाँ उचित हैं।
- इस मुद्दे ने न्यायिक दक्षता, न्यायपालिका की स्वतंत्रता तथा त्वरित न्याय के संवैधानिक अधिकार के मध्य संतुलन स्थापित करने पर पुनः व्यापक चर्चा को जन्म दिया है।
पृष्ठभूमि
- ड्यातव्य है कि न्यायालयों की लंबी छुट्टियों संबंधी परंपरा ब्रिटिश औपनिवेशिक काल से शुरू हुई थी, जब भारत में कार्यरत ब्रिटिश न्यायाधीश ग्रीष्मकाल के दौरान ठंडे पर्वतीय स्थलों (हिल स्टेशनों) में चले जाते थे।
- स्वतंत्रता के बाद भारत की न्यायिक व्यवस्था में अनेक प्रकार के प्रभावी परिवर्तन की गए, फिर भी विस्तारित न्यायालयी अवकाश की यह परंपरा बड़े पैमाने पर जारी रही है।
- हालाँकि, अवकाश के दौरान न्यायालय पूरी तरह बंद नहीं रहते। इस अवधि में अवकाश पीठ (Vacation Benches) कार्य करती हैं, जो जमानत याचिकाओं, स्थगन आदेशों (Stay Orders) तथा अन्य आपातकालीन मामलों जैसी तात्कालिक सुनवाई वाले प्रकरणों का निस्तारण करती हैं।
यह मुद्दा इतना महत्वपूर्ण क्यों है?
- भारत अपने न्यायिक स्तर पर लंबित विविध मामलों (Judicial Backlog) का सामना कर रहा है, जिसके कारण न्याय मिलने में अत्यधिक विलंब का सामना करना पड़ रहा है।
- ध्यातव्य है कि देश की जेलों में लगभग 75% कैदी विचाराधीन कैदी हैं, जिनका अपराध न्यायालय द्वारा अभी तक सिद्ध नहीं हुआ है।
- अनेक विचाराधीन कैदी उन अपराधों के लिए निर्धारित अधिकतम दंड अवधि से भी अधिक समय तक जेल में रहने को मजबूर हैं, जिनके लिए उन पर आरोप लगाए गए हैं।
- न्याय में होने वाली देरी अनुच्छेद 21 की भावना को कमजोर करती है, जो प्रत्येक व्यक्ति को जीवन एवं व्यक्तिगत स्वतंत्रता का अधिकार प्रदान करता है।
लंबी न्यायालयी छुट्टियों के विपक्ष में तर्क
- न्यायिक लंबित मामलों (Judicial Pendency) को बढ़ावा
- भारत में 5.39 करोड़ से अधिक मामले लंबित हैं, जिससे न्यायिक विलंब सुशासन के समक्ष एक गंभीर चुनौती के रूप में स्पष्ट हो रहा है।
- न्यायालयों की लंबी छुट्टियाँ प्रभावी कार्य-दिवसों की संख्या को कम करती हैं, जिससे मामलों के निस्तारण की गति धीमी हो जाती है।
- त्वरित न्याय के अधिकार का उल्लंघन
- हुसैनआरा खातून बनाम बिहार राज्य (1979) मामले में सर्वोच्च न्यायालय ने स्पष्ट किया कि त्वरित सुनवाई का अधिकार, अनुच्छेद 21 के अंतर्गत प्रदत्त मौलिक अधिकार का अभिन्न अंग है।
- न्याय में होने वाली देरी के कारण अनेक निर्दोष विचाराधीन कैदियों को लंबे समय तक कारावास में रहना पड़ता है।
- यह स्थिति इस सिद्धांत को और अधिक प्रासंगिक बनाती है कि “विलंबित न्याय, न्याय से वंचित करने के समान है।”
- औपनिवेशिक काल की यह व्यवस्था अब अपनी प्रासंगिकता खो चुकी है
- न्यायालयों की लंबी छुट्टियों की व्यवस्था ब्रिटिश औपनिवेशिक शासन के दौरान भारत में कार्यरत ब्रिटिश न्यायाधीशों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर विकसित की गई थी।
- आधुनिक भारत में बेहतर आधारभूत संरचना, वातानुकूलित न्यायालय कक्ष तथा उन्नत परिवहन सुविधाएँ उपलब्ध हैं, जिससे इस व्यवस्था का मूल औचित्य अब काफी हद तक समाप्त हो चुका है।
- अन्य लोकतांत्रिक देशों की तुलना में न्यायालय कम दिनों तक कार्य करते हैं
-
- भारत का सर्वोच्च न्यायालय प्रतिवर्ष लगभग 190 दिनों तक कार्य करता है, जो विश्व के विभिन्न विकसित लोकतांत्रिक देशों की तुलना में कम है।
- बढ़ते मुकदमों के बीच कम कार्य-दिवस न्यायपालिका की उत्पादकता तथा मामलों के निस्तारण की गति को प्रभावित करते हैं।
- न्याय व्यवस्था में जनता का विश्वास कमजोर होता है
- नागरिक अपेक्षा करते हैं कि जिस प्रकार अस्पताल, पुलिस थाने तथा अन्य आवश्यक सार्वजनिक संस्थान पूरे वर्ष कार्यरत रहते हैं, उसी प्रकार न्यायालय भी सुलभ एवं प्रभावी बने रहें।
- न्याय में अत्यधिक विलंब विधि के शासन (Rule of Law) तथा न्यायपालिका की प्रभावशीलता के प्रति जनता के विश्वास को कमजोर करता है।
न्यायालयों की छुट्टियों के पक्ष में तर्क
- अवकाश के दौरान भी न्यायाधीश न्यायिक कार्य करते रहते हैं
- न्यायिक अवकाश पूर्णतः छुट्टियाँ नहीं होते।
- इस अवधि में न्यायाधीश शोध कार्य, विस्तृत निर्णय (Judgments) लिखने तथा सुरक्षित रखे गए मामलों (Reserved Cases) पर विचार-विमर्श करने में पर्याप्त समय देते हैं। नियमित न्यायालयीन कार्यवाही के दौरान इन कार्यों के लिए पर्याप्त समय निकालना कठिन हो जाता है।
- न्यायाधीशों पर अधिक कार्यभार के कारण विश्राम की आवश्यकता है
- न्यायाधीश पूरे वर्ष अनेक जटिल संवैधानिक, दीवानी (Civil) तथा आपराधिक (Criminal) मामलों की सुनवाई करते हैं।
- न्यायिक अवकाश उन्हें बौद्धिक चिंतन एवं मानसिक पुनर्स्फूर्ति (Recuperation) का अवसर प्रदान करते हैं, जिससे न्यायिक थकान (Judicial Fatigue) कम होती है और निर्णयों की गुणवत्ता में सुधार होता है।
- अवकाश पीठों (Vacation Benches) के माध्यम से आपातकालीन मामलों की सुनवाई जारी रहती है
- न्यायिक अवकाश के दौरान भी जमानत याचिकाएँ, स्थगन आदेश (Stay Orders) तथा अन्य आपातकालीन याचिकाओं की सुनवाई जारी रहती है।
- इसलिए अवकाश के समय भी न्यायालय पूर्णतः बंद नहीं होते, बल्कि आंशिक रूप से कार्य करते रहते हैं।
न्यायालयी छुट्टियों से बढ़कर संरचनात्मक समस्याएँ
- न्यायाधीशों के रिक्त पदों की बड़ी संख्या
- उच्च न्यायालयों में स्वीकृत न्यायाधीशों के लगभग एक-तिहाई पद प्रायः रिक्त रहते हैं।
- इन रिक्तियों को भरने से, न्यायालयी अवकाश में कटौती किए बिना भी, मामलों के निस्तारण की दर में उल्लेखनीय सुधार किया जा सकता है।
- न्यायाधीशों की कमी
- भारत में जनसंख्या के अनुपात में न्यायाधीशों की संख्या अनुशंसित स्तर से काफी कम है।
- सीमित न्यायिक कार्यबल के कारण मामलों की लंबित संख्या बढ़ती है तथा न्याय मिलने में विलंब होता है।
- अपर्याप्त न्यायिक अवसंरचना
- अनेक न्यायालय पर्याप्त न्यायालय कक्षों, कर्मचारियों तथा डिजिटल अवसंरचना के अभाव से जूझ रहे हैं।
- कमजोर अवसंरचना न्यायिक प्रशासन की कार्यक्षमता को धीमा कर देती है।
- मुकदमों की बढ़ती संख्या
- आर्थिक विकास, शहरीकरण तथा बढ़ती कानूनी जागरूकता के कारण मुकदमों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे न्यायालयों पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है।
हालिया सुधार
- अवकाश अवधि का नाम परिवर्तन
- वर्ष 2024 में सर्वोच्च न्यायालय ने “ग्रीष्मकालीन अवकाश” का नाम बदलकर “आंशिक न्यायालयीय कार्य दिवस” कर दिया।
- हालाँकि, आलोचकों का तर्क है कि यह सुधार केवल प्रतीकात्मक था, क्योंकि इससे न तो न्यायालयों के वास्तविक कार्य-दिवसों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई और न ही मामलों के निस्तारण की गति में कोई विशेष सुधार हुआ।
आगे की राह
- चरणबद्ध तरीके से न्यायालयी अवकाश लागू किए जाएँ
- संपूर्ण न्यायालय को एक साथ बंद करने के बजाय न्यायाधीशों को रोटेशन अथवा चरणबद्ध तरीके से अवकाश दिया जाना चाहिए।
- इससे पूरे वर्ष न्यायालयों का कार्य निर्बाध रूप से जारी रह सकेगा।
- न्यायिक रिक्तियों को प्राथमिकता के आधार पर भरा जाए
- सरकार और न्यायपालिका को स्वीकृत सभी न्यायिक पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया में तेजी लानी चाहिए।
- लंबित मामलों को कम करने के लिए पर्याप्त न्यायिक क्षमता अत्यंत आवश्यक है।
- वैकल्पिक विवाद निवारण (ADR) को सुदृढ़ बनाया जाए
- नियमित न्यायालयों पर भार को कम करने के उद्देश्य से लोक अदालतें, मध्यस्थता और पंचाट (Arbitration) को अधिक प्रोत्साहन दिया जाना चाहिए।
- मध्यस्थता अधिनियम, 2023 का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि मुकदमा दायर होने से पहले ही विवादों के समाधान को बढ़ावा दिया जा सके।
- लोक अदालतें पहले ही करोड़ों विवादों का समाधान कर चुकी हैं, जो लंबित मामलों को कम करने की उनकी क्षमता को दर्शाता है।
- लंबित मामलों के लिए समर्पित पीठों का गठन किया जाए चाहिए
- अनुच्छेद 128 के अंतर्गत सेवानिवृत्त न्यायाधीशों की नियुक्ति कर पुराने एवं लंबित मामलों की सुनवाई हेतु विशेष बैकलॉग पीठों का गठन किया जा सकता है।
- इससे नियमित न्यायालयों के कार्य को प्रभावित किए बिना मामलों के निस्तारण में तेजी लाई जा सकेगी।
- न्यायालयीय अवसंरचना का आधुनिकीकरण किया जाए
- ई-कोर्ट (e-Courts), डिजिटल फाइलिंग, वर्चुअल सुनवाई तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) आधारित केस प्रबंधन का विस्तार किया जाए।
- बेहतर न्यायिक अवसंरचना न्यायपालिका की कार्यक्षमता एवं दक्षता में उल्लेखनीय वृद्धि कर सकती है।
समितियाँ एवं सिफारिशें
- संसदीय स्थायी समिति (2023) ने न्यायाधीशों के लिए चरणबद्ध तरीके से न्यायालयी अवकाश की व्यवस्था लागू करने की सिफारिश की।
- भारत के विधि आयोग ने न्यायिक दक्षता को बढ़ाने के लिए आवश्यक सुधारों का समर्थन किया।
- न्यायमूर्ति मलीमथ समिति ने आपराधिक न्याय प्रणाली को सुदृढ़ बनाने तथा न्यायपालिका की कार्यप्रणाली में सुधार हेतु संरचनात्मक सुधारों का पक्ष रखा ।
निष्कर्ष
निष्कर्षतः न्यायालयों की छुट्टियों पर होने वाली बहस को केवल अवकाश तथा कार्य-दिवस के प्रश्न तक ही सीमित नहीं रखा जाना चाहिए। वास्तविक चुनौती न्यायिक रिक्तियों, अवसंरचना की कमी, मामलों के प्रभावी प्रबंधन तथा संस्थागत दक्षता में सुधार की हो सकती है। चरणबद्ध न्यायालयी अवकाश, समय पर न्यायाधीशों की नियुक्ति, वैकल्पिक विवाद निवारण (ADR) तंत्र को सशक्त बनाने तथा प्रौद्योगिकी-आधारित सुधारों के समन्वित क्रियान्वयन से न्यायपालिका, न्यायिक स्वतंत्रता को बनाए रखते हुए, समयबद्ध एवं सुलभ न्याय के संवैधानिक वचन को प्रभावी ढंग से पूरा कर सकती है।
मुख्य परीक्षा अभ्यास प्रश्न
प्रश्न: यद्यपि भारत में न्यायिक रिक्तियाँ मामलों के लंबित रहने का एक प्रमुख कारण हैं, फिर भी न्यायालयों की छुट्टियों की औपनिवेशिक विरासत संस्थागत गतिरोध को और अधिक बढ़ाती है। इस तथ्य का समालोचनात्मक विश्लेषण कीजिए तथा न्यायपालिका पर बढ़ते बोझ को कम करने के लिए उपयुक्त उपाय सुझाइए।
(15 अंक, 250 शब्द)
|