संदर्भ:
हाल ही में वियतनाम के फू क्वोक (Phú Quốc) के निकट भारतीय पर्यटकों को ले जा रही स्पीडबोट की दुर्घटना ने पर्यटक सुरक्षा मानकों, साहसिक पर्यटन के विनियमन तथा बुनियादी सुरक्षा प्रोटोकॉल के प्रति जन-जागरूकता को सुदृढ़ करने की तत्काल आवश्यकता को उजागर करता है।
घटना के बारे में:
- भारतीय पर्यटकों को ले जा रही एक स्पीडबोट वियतनाम के फू क्वोक (Phú Quốc) के निकट पलट गई, जिसमें तकरीबन 15 लोगों की मृत्यु हो गई।
- इस बोट में यात्रा कर रहे पर्यटक एक कॉर्पोरेट प्रोत्साहन (Corporate Incentive) यात्रा का हिस्सा थे।
- प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, खराब मौसम, नाव का तीव्र मोड़ लेना तथा यात्रियों के भार का अचानक एक ओर स्थानांतरित होना नाव के पलटने का कारण बना।
दुर्घटना के प्रमुख कारण:
- प्रतिकूल मौसम: समुद्र की उच्च तरंग वाली परिस्थितियों ने नौका को अस्थिर कर दिया।
- यात्रियों का अनुचित प्रबंधन: यात्रियों की सुरक्षा की सुचारु वेवस्था नहीं की गई थी, जैसे- उन्हे व्यवस्थित रूप से बाँधना इत्यादि जिसकी वजह से नाव में भार अचानक एक तरफ ज्यादा और एक तरफ कम हो गया और नाव का संतुलन बिगड़ गया।
- सुरक्षा मानकों का अपर्याप्त अनुपालन: हालाँकि विविध रेपोर्ट्स से इस बात की पुष्टि होती है कि नाव में लाइफ जैकेट उपलब्ध थी, लेकिन इस बात की अभी स्पष्टता नहीं है कि क्या सभी यात्रियों ने उसे पहन रखा था अथवा नहीं?
- बचाव कार्य में देरी : पलटी हुई नाव के भीतर फँसे यात्रियों को निकासी (Evacuation), प्राथमिक उपचार तथा चिकित्सीय सहायता मिलने में देरी का सामना करना पड़ा।
बढ़ता पर्यटन और सुरक्षा संबंधी चिंताएँ:
- प्रतिवर्ष ततक्रीबन 3 करोड़ भारतीय विदेश यात्रा करते हैं, जिनमें दक्षिण-पूर्व एशिया एक प्रमुख एवं पसंदीदा पर्यटन गंतव्य स्थल के रूप में उभर रहा है।
- वियतनाम और थाईलैंड में पर्यटन में तीव्र वृद्धि दर्ज की गई है, किंतु अभी भी सुरक्षा अवसंरचना (Safety Infrastructure) उसी गति से विकसित नहीं हो पाई है।
- जल सुरक्षा (Water Safety) तथा साहसिक पर्यटन (Adventure Tourism) के सुरक्षा मानकों के प्रभावी क्रियान्वयन में इसी प्रकार की कमियाँ भारत में भी देखने को मिलती हैं।
सुरक्षा प्रोटोकॉल का महत्त्व :
- लाइफ जैकेट पहनना अनिवार्य: केवल लाइफ जैकेट उपलब्ध कराना पर्याप्त नहीं है; यात्रा के दौरान प्रत्येक यात्री द्वारा उसे लगातार पहनना अनिवार्य होना चाहिए।
- सुरक्षित बैठने की व्यवस्था: उचित सीट बेल्ट अथवा सुरक्षित बैठने की व्यवस्था खराब मौसम के दौरान यात्रियों की खतरनाक आवाजाही को रोकती है।
- सुरक्षा ब्रीफिंग: यात्रा प्रारम्भ होने से पहले संचालकों को सभी यात्रियों को आपातकालीन सुरक्षा निर्देश दिए जाने चाहिए।
- मौसम की निगरानी: प्रतिकूल मौसम की स्थिति में नौका संचालन को विनियमित किया जाए अथवा आवश्यक होने पर अस्थायी रूप से निलंबित किया जाए।
- आपातकालीन तैयारी: प्रशिक्षित चालक दल, बचाव उपकरण तथा प्राथमिक उपचार (First Aid) की सुविधाएँ सदैव उपलब्ध रहनी चाहिए।
चुनौतियाँ:
- कमजोर प्रवर्तन: वर्तमान सुरक्षा नियमों का प्रभावी ढंग से पालन एवं क्रियान्वयन सामान्यतः नहीं हो पाता।
- सुरक्षा के प्रति कम जागरूकता: अनेक पर्यटक बुनियादी सुरक्षा सावधानियों की उपेक्षा करते हैं या उनकी महत्ता को कम आँकते हैं।
- दबाव: अधिक लाभ कमाने के उद्देश्य से संचालक कभी-कभी यात्रियों की सुरक्षा से समझौता कर लेते हैं।
- सीमा-पार सुरक्षा निगरानी: विदेशों में भारतीय पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए गंतव्य देशों के साथ बेहतर समन्वय एवं सहयोग की आवश्यकता है।
आगे की राह :
- सुरक्षा नियमों को सुदृढ़ बनाना : लाइफ जैकेट पहनना, सीट सुरक्षा व्यवस्था, यात्रियों की निर्धारित सीमा तथा मौसम संबंधी संचालन दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।
- पर्यटकों में जागरूकता : यात्रा प्रारम्भ होने से पूर्व सुरक्षा ब्रीफिंग दी जानी चाहिए तथा जल सुरक्षा एवं साहसिक पर्यटन से संबंधित जागरूकता अभियान चलाए जाने की आवश्यकता है ।
- नियमित सुरक्षा ऑडिट: नौका, पर्यटन संचालकों तथा साहसिक पर्यटन सुविधाओं का समय-समय पर सुरक्षा निरीक्षण किया जाना चाहिए ।
- अंतरराष्ट्रीय सहयोग को मजबूत करना : लोकप्रिय पर्यटन गंतव्य देशों के साथ सहयोग बढ़ाकर पर्यटक सुरक्षा मानकों में सुधार की जाने की आवश्यकता है ।
- उत्तरदायी पर्यटन को बढ़ावा देना: पर्यटकों को सुरक्षा निर्देशों का पालन करने तथा जोखिमपूर्ण व्यवहार से बचने के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए ।
निष्कर्ष:
निष्कर्षस्वरूप वियतनाम की नौका दुर्घटना यह स्पष्ट करती है कि पर्यटकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। पर्यटन क्षेत्र के तीव्र विस्तार के मध्य मानव जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सशक्त नियामकीय प्रवर्तन, सुरक्षा प्रोटोकॉल का कठोर अनुपालन तथा व्यापक जन-जागरूकता इत्यादि अत्यंत आवश्यक तत्त्व हैं ।
मुख्य परीक्षा अभ्यास प्रश्न
प्रश्न: विकासशील देशों से होने वाले विदेशी पर्यटन (Outbound Tourism) की तीव्र वृद्धि सामान्यतः सुरक्षा नियमों के कठोर प्रवर्तन से आगे निकल जाती है। भारतीय पर्यटकों से जुड़ी हालिया विदेशी दुर्घटनाओं के संदर्भ में इस कथन का विश्लेषण कीजिए। साथ ही, विदेशों में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए किन संस्थागत तंत्रों (Institutional Mechanisms) की आवश्यकता है? टिप्पणी कीजिए |
(15 अंक, 250 शब्द)
|