टाइप 2 डायबिटीज में यकृत संबंधी रोग

24 Apr 2026

संदर्भ

टाइप 2 डायबिटीज (Type 2 Diabetes) एक तीव्र गति से उभरती हुई वैश्विक जनस्वास्थ्य चुनौती है, विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) का अनुमान है कि विश्वभर में इसके 420 मिलियन से अधिक मामले हैं, जिनमें अधिकांश टाइप 2 श्रेणी के हैं।

संबंधित तथ्य

  • भारत में इस वृद्धि के साथ ‘मेटाबोलिक डिसफंक्शन स्टियाटोटिक लिवर डिजीज’ (MASLD) के मामलों में भी उल्लेखनीय वृद्धि हो रही है, जो प्रायः उन्नत अवस्था तक अनैदानिक (Undiagnosed) बने रहते हैं।

मुख्य निष्कर्ष एवं आँकड़े

  • उच्च सह-अस्तित्व: अनुमानतः टाइप 2 डायबिटीज (T2D) से ग्रसित लगभग 70% व्यक्तियों में मेटाबोलिक विकारों एवं यकृत रोगों के मध्य सहसंबंध पाया जाता है।
  • लक्षणरहित प्रगति: रोगियों का एक महत्त्वपूर्ण भाग लक्षणरहित रहता है, जहाँ लगभग एक-तिहाई रोगियों में बिना किसी नैदानिक संकेत के यकृत फाइब्रोसिस विद्यमान होता है।
  • वैश्विक साक्ष्य:द लैंसेट’ (The Lancet) में प्रकाशित एक बहुराष्ट्रीय अध्ययन के अनुसार—
    • लगभग 4.6% वयस्कों में महत्त्वपूर्ण यकृत कठोरता पाई गई, तथा
    • लगभग 1.6% में पुष्टि किया गया फाइब्रोसिस था, जिसका  प्रायः निदान नहीं हो पाता है।
  • डायबिटीज रोगियों में बढ़ा हुआ जोखिम: टाइप 2 डायबिटीज से पीड़ित व्यक्तियों में उन्नत फाइब्रोसिस विकसित होने का जोखिम सामान्य व्यक्तियों की तुलना में लगभग दोगुना होता है।

‘टाइप 2 डायबिटीज मेलिटस’ (T2DM) तथा ‘मेटाबोलिक डिसफंक्शन स्टियाटोटिक लिवर डिजीज’ (MASLD) के बारे में  

  • परिभाषा एवं प्रकृति: T2DM एक दीर्घकालिक चयापचय विकार है, जिसकी विशेषता इंसुलिन प्रतिरोध तथा तुलनात्मक रूप से इंसुलिन की कमी होना है, जिसके परिणामस्वरूप लगातार उच्च रक्त शर्करा (हाइपरग्लाइसीमिया) उत्पन्न होती है, जबकि MASLD उस स्थिति को संदर्भित करता है, जिसमें शराब का सेवन न करने वाले व्यक्तियों में के यकृत में भी वसा का अत्यधिक संचय होता है, जो मुख्यतः चयापचय असंतुलन द्वारा प्रेरित होता है।
  • सामान्य रोग-जनन आधार: दोनों अवस्थाएँ इंसुलिन प्रतिरोध की समान अंतर्निहित प्रक्रिया साझा करती हैं, जो ग्लूकोज एवं लिपिड चयापचय को बाधित करती है तथा यकृत में वसा संचय (स्टियाटोसिस) का कारण बनती है।
  • रोग का स्पेक्ट्रम एवं प्रगति: MASLD एक सतत् क्रम का प्रतिनिधित्व करता है, जो साधारण स्टियाटोसिस से प्रारंभ होकर मेटाबोलिक डिसफंक्शन स्टियाटोहेपेटाइटिस (MASH) तक विकसित हो सकता है, और उपचार के अभाव में आगे चलकर यकृत फाइब्रोसिस, सिरोसिस तथा हेपाटोसेलुलर कार्सिनोमा में परिवर्तित हो सकता है।
  • उच्च सह-अस्तित्व एवं महामारी विज्ञान संबंध: अनुमानतः T2DM से ग्रसित लगभग 70% व्यक्तियों में MASLD विकसित हो जाता है, जिससे यह डायबिटीज से संबंधित प्रमुख सह-रुग्ण अवस्थाओं में से एक बन जाता है।
  • लक्षणरहित प्रकृति एवं नैदानिक जोखिम: T2DM और MASLD दोनों ही प्रारंभिक अवस्थाओं में प्रायः नैदानिक रूप से लक्षणरहित रहते हैं, किंतु दीर्घकाल में ये हृदय-धमनी रोगों, दीर्घकालिक यकृत रोग, यकृत विफलता तथा यकृत कैंसर के जोखिम को उल्लेखनीय रूप से बढ़ाते हैं।
  • द्विदिशीय संबंध: MASLD इंसुलिन प्रतिरोध को और अधिक बढ़ाता है, जिससे T2DM में ग्लाइसेमिक नियंत्रण और खराब हो जाता है तथा एक दुष्चक्र उत्पन्न होता है।
  • प्रारंभिक पहचान एवं प्रबंधन का महत्त्व: समय पर पहचान हेतु लिवर फंक्शन टेस्ट्स, फाइब्रोसिस स्कोरिंग प्रणाली जैसे FIB-4, तथा फाइब्रोस्कैन जैसी तकनीकों का उपयोग आवश्यक है। इसका प्रबंधन मुख्यतः जीवनशैली में परिवर्तन, वजन में कमी, रक्त शर्करा नियंत्रण, लिपिड नियंत्रण, तथा उचित औषधीय हस्तक्षेपों पर आधारित है, जिससे रोग की प्रगति को रोका जा सके।

रोग की कार्यप्रणाली की समझ

  • मुख्य प्रेरक के रूप में इंसुलिन प्रतिरोध: इंसुलिन प्रतिरोध, जो टाइप 2 डायबिटीज की प्रमुख विशेषता है, ग्लूकोज, वसा तथा प्रोटीन के चयापचय को बाधित करता है।
    • इसके परिणामस्वरूप यकृत में वसा का संचय (हेपेटिक स्टियाटोसिस) होता है, जो MASLD की प्रारंभिक अवस्था है।
  • फैटी लीवर से फाइब्रोसिस तक प्रगति: कुछ व्यक्तियों में फैटी लीवर(स्टियाटोहेपेटाइटिस) को प्रेरित करता है।
    • समय के साथ यह स्थिति फाइब्रोसिस, सिरोसिस, तथा अंततः यकृत कैंसर तक विकसित हो सकती है।
  • चयापचय एवं आनुवंशिक कारकों की भूमिका: मोटापा, डिसलिपिडीमिया, तथा हाइपोथायरॉयडिज्म जैसी अवस्थाएँ यकृत क्षति को तीव्र करती हैं।
    • इसके अतिरिक्त निम्न कारक भी योगदान करते हैं:
      • मुक्त वसीय अम्लों द्वारा लिपोटॉक्सिसिटी
      • ग्लाइकेटेड प्रोटीन
      • आंत माइक्रोबायोटा का असंतुलन।
  • आनुवंशिक प्रवृत्ति: आनुवंशिक कारक भी महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, जो “लीन NASH” जैसे मामलों को स्पष्ट करते हैं, जहाँ सामान्य व्यक्ति भी फैटी लिवर रोग से प्रभावित हो जाते हैं।

यकृत रोग प्रायः अनैदानिक क्यों रह जाता है:

  • प्रारंभिक लक्षणों का अभाव: यकृत रोग प्रायः मौन रूप से बढ़ता है, क्योंकि यकृत की उच्च कार्यात्मक क्षमता (Functional reserve) होती है तथा इसमें दर्द संवेदक का अभाव होता है।
  • देर से नैदानिक पहचान: थकान, पीलिया, उदर में सूजन, तथा तरल संचय जैसे लक्षण सामान्यतः उन्नत अवस्था में ही प्रकट होते हैं।
  • विलंबित निदान: यह रोग प्रायः रक्त परीक्षण, अल्ट्रासाउंड, या फाइब्रोस्कैन के दौरान पता चलता है, जब तक कि महत्त्वपूर्ण यकृत क्षति हो चुकी होती है।

प्रारंभिक स्क्रीनिंग का महत्त्व

  • अनैदानिक फाइब्रोसिस की पहचान: अध्ययनों से संकेत मिलता है कि टाइप 2 डायबिटीज के लगभग 35% रोगियों में बिना लक्षणों के फाइब्रोसिस पाया जा सकता है, जिससे सक्रिय स्क्रीनिंग अनिवार्य हो जाती है।
  • गैर-आक्रामक उपकरणों का उपयोग: स्क्रीनिंग प्रभावी रूप से निम्न माध्यमों से की जा सकती है—
    • लिवर फंक्शन टेस्ट्स (LFTs)
    • फाइब्रोसिस स्कोरिंग प्रणाली (जैसे FIB-4)
    • इमेजिंग तकनीकें जैसे फाइब्रोस्कैन एवं CAP स्कोर
  • रोग की प्रगति की रोकथाम: प्रारंभिक पहचान से समय पर हस्तक्षेप संभव होता है, जिनमें शामिल हैं—
    • वजन प्रबंधन
    • रक्त शर्करा एवं लिपिड नियंत्रण में सुधार
    • औषधीय उपचार जैसे पियोग्लिटाजोन तथा GLP-1 रिसेप्टर एगोनिस्ट (जैसे सेमाग्लूटाइड)।

जन स्वास्थ्य संबंधी महत्त्व

  • दोहरे जोखिम में वृद्धि: डायबिटीज एवं यकृत रोग का सह-अस्तित्व, विशेषकर भारत जैसे देशों में, एक गंभीर जनस्वास्थ्य चुनौती प्रस्तुत करता है।
  • गंभीर परिणामों का जोखिम: उन्नत फाइब्रोसिस आगे चलकर सिरोसिस, यकृत विफलता, तथा हेपाटोसेलुलर कार्सिनोमा का कारण बन सकता है, जिससे रोगग्रस्तता एवं मृत्यु दर में वृद्धि होती है।
  • समेकित देखभाल की आवश्यकता: डायबिटीज प्रबंधन में यकृत स्क्रीनिंग को शामिल करने से दीर्घकालिक जटिलताओं को महत्त्वपूर्ण रूप से कम किया जा सकता है।

चुनौतियाँ एवं चिंताएँ

  • जागरूकता का अभाव: रोगी एवं प्राथमिक स्वास्थ्य सेवा प्रदाता दोनों ही प्रायः डायबिटीज में यकृत रोग के जोखिम को कम आँकते हैं।
  • स्क्रीनिंग का सीमित एकीकरण: डायबिटीज देखभाल प्रोटोकॉल में नियमित यकृत स्क्रीनिंग अभी तक मानक अभ्यास के रूप में स्थापित नहीं हो पाई है।
  • नैदानिक अंतराल: फाइब्रोस्कैन जैसी उन्नत नैदानिक तकनीकों तक पहुँच अनेक क्षेत्रों में सीमित है।
  • जटिल जोखिम प्रोफ़ाइल: मद्यपान, वायरल हेपेटाइटिस, तथा आनुवंशिक विकारों जैसे अनेक कारकों की उपस्थिति निदान एवं प्रबंधन को जटिल बनाती है।

आगे की राह

  • डायबिटीज देखभाल में स्क्रीनिंग का एकीकरण: नियमित यकृत मूल्यांकन को डायबिटीज प्रबंधन का अनिवार्य घटक बनाया जाना चाहिए।
  • प्राथमिक स्वास्थ्य तंत्र का सुदृढ़ीकरण: प्राथमिक स्तर पर क्षमता निर्माण आवश्यक है, ताकि रोग की शीघ्र पहचान एवं रेफरल सुनिश्चित हो सके।
  • जीवनशैली हस्तक्षेपों का प्रोत्साहन: जनस्वास्थ्य नीतियों में संतुलित आहार, शारीरिक सक्रियता, तथा वजन प्रबंधन पर विशेष बल दिया जाना चाहिए।
  • जागरूकता एवं अनुसंधान का संवर्द्धन: लीन NASH एवं मेटाबोलिक यकृत रोग पर अधिक जागरूकता अभियान एवं अनुसंधान की आवश्यकता है।

निष्कर्ष 

टाइप 2 डायबिटीज में यकृत रोग एक मौन किंतु गंभीर स्वास्थ्य जोखिम है, जो प्रायः अपरिवर्तनीय अवस्थाओं तक पहुँचने तक अनदेखा रह जाता है। प्रारंभिक स्क्रीनिंग एवं समेकित देखभाल दृष्टिकोण रोग भार को कम करने, जटिलताओं की रोकथाम करने तथा रोगी परिणामों में सुधार लाने में परिवर्तनकारी भूमिका निभा सकते हैं, जिससे यह जनस्वास्थ्य नीति में एक प्रमुख प्राथमिकता बन जाता है।

Follow Us

Need help preparing for UPSC or State PSCs?

Connect with our experts to get free counselling & start preparing

Aiming for UPSC?

Download Our App

      
Quick Revise Now !
AVAILABLE FOR DOWNLOAD SOON
UDAAN PRELIMS WALLAH
Comprehensive coverage with a concise format
Integration of PYQ within the booklet
Designed as per recent trends of Prelims questions
हिंदी में भी उपलब्ध
Quick Revise Now !
UDAAN PRELIMS WALLAH
Comprehensive coverage with a concise format
Integration of PYQ within the booklet
Designed as per recent trends of Prelims questions
हिंदी में भी उपलब्ध

<div class="new-fform">







    </div>

    Subscribe our Newsletter
    Sign up now for our exclusive newsletter and be the first to know about our latest Initiatives, Quality Content, and much more.
    *Promise! We won't spam you.
    Yes! I want to Subscribe.