संदर्भ
मधुमेह के प्रबंधन के लिए लंबे समय से प्रयोग की जाने वाली GLP-1 थेरेपी, मोटापे और वजन प्रबंधन में अपनी विस्तारित भूमिका के कारण हाल ही में लोकप्रियता में तेजी से बढ़ी है।

संबंधित तथ्य
- पेटेंट की समाप्ति (मार्च 2026): GLP-1 थेरेपी में व्यापक रूप से उपयोग होने वाली नोवो नॉर्डिस्क की सेमाग्लूटाइड का पेटेंट भारत में समाप्त हो गया, जिससे इसका एकाधिकार समाप्त हो गया और सस्ते जेनेरिक संस्करणों के लिए बाजार में प्रवेश संभव हो गया।
[ग्लूकागॉन-लाइक पेप्टाइड-1 (GLP-1) थेरेपी] के बारे में
- GLP-1 (ग्लूकागॉन-लाइक पेप्टाइड-1) थेरेपी का तात्पर्य इंक्रीटिन-आधारित दवाओं के उपयोग से है, जो प्राकृतिक GLP-1 हार्मोन की नकल करती हैं और टाइप-2 मधुमेह और मोटापे को नियंत्रित करती हैं।
- इंक्रीटिन-आधारित दवाएँ टाइप 2 मधुमेह के लिए दवाओं का एक वर्ग हैं।
- कार्यप्रणाली: ये दवाएँ ग्लूकोज-निर्भर इंसुलिन स्राव को बढ़ाकर, ग्लूकागॉन के स्राव को रोककर, पेट खाली होने की गति को धीमा करके और भूख को कम करके कार्य करती हैं, जिससे ग्लाइसेमिक नियंत्रण (ब्लड शुगर कंट्रोल) में सुधार होता है और वजन घटाने में मदद मिलती है।
- प्रारंभिक रूप से मधुमेह प्रबंधन के लिए विकसित, GLP-1 थेरेपी ने मोटापे और चयापचय सिंड्रोम के लिए एक प्रभावी औषधीय हस्तक्षेप के रूप में प्रमुखता प्राप्त की है।
- इंसुलिन प्रतिरोध और ‘थिन-फैट फेनोटाइप’ (Thin-Fat Phenotype) की उच्च व्यापकता के कारण यह भारतीय संदर्भ में विशेष रूप से प्रासंगिक है।
मधुमेह क्या है?
- मधुमेह एक दीर्घकालिक चयापचय रोग है, जिसमें रक्त में ग्लूकोज (शर्करा) का स्तर उच्च होता है। यह समस्या इंसुलिन उत्पादन, इंसुलिन की क्रिया या दोनों में गड़बड़ी के कारण होती है।
- इंसुलिन अग्न्याशय द्वारा उत्पादित एक हार्मोन है, जो कोशिकाओं को ऊर्जा के लिए ग्लूकोज अवशोषित करने में सहायता करता है।
प्रकार
- टाइप 1 मधुमेह एक दीर्घकालिक स्वप्रतिरक्षित स्थिति है, जिसमें प्रतिरक्षा प्रणाली अग्न्याशय में इंसुलिन बनाने वाली बीटा कोशिकाओं को नष्ट कर देती है, जिससे इंसुलिन का उत्पादन बहुत कम या बिल्कुल नहीं होता है।
- टाइप 2 मधुमेह शरीर को इंसुलिन का उचित ढंग से उपयोग करने से रोकता है।
- मधुमेह का पारिवारिक इतिहास, मोटापा/अधिक वजन और पर्याप्त व्यायाम न करना टाइप 2 मधुमेह होने के जोखिम को बढ़ाता है।
|
GLP-1 दवाएँ क्या हैं?
- GLP-1 (ग्लूकागॉन-लाइक पेप्टाइड-1 एगोनिस्ट) दवाएँ टाइप 2 मधुमेह और मोटापे के इलाज के लिए निर्धारित दवाएँ हैं।
- उदाहरण: सेमाग्लूटाइड इंजेक्शन (Semaglutide Injection), तिरजेपाटाइड (Tirzepatide), डुलाग्लूटाइड (Dulaglutide)।
- पहली GLP-1 दवा को संयुक्त राज्य अमेरिका के खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) द्वारा वर्ष 2005 में मंजूरी दी गई थी।
- नुस्खे संबंधी दिशा-निर्देश: भारत में, GLP-1 दवाएँ केवल एंडोक्रिनोलॉजिस्ट, आंतरिक चिकित्सा विशेषज्ञ और हृदय रोग विशेषज्ञ द्वारा ही निर्धारित की जा सकती हैं।
- ये दवाएँ बिना प्रिस्क्रिप्शन के नहीं खरीदी जा सकतीं हैं।
- ये मधुमेह प्रबंधन के लिए विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की आवश्यक औषधियों की सूची में शामिल हैं।
- नियामक व्यवस्था: GLP-1 की आपूर्ति श्रृंखला में नैतिक फार्मास्युटिकल प्रथाओं को सुनिश्चित करने के लिए, भारत के औषधि महानियंत्रक (DCGI) ने इस दवा की अनधिकृत बिक्री और प्रचार के खिलाफ नियामक निगरानी तेज कर दी है।
सेमाग्लूटाइड के पेटेंट की समय-सीमा समाप्त होने के निहितार्थ
- किफायती दरों में सुधार: जेनेरिक दवाओं के आने से कीमतों में काफी कमी आई है, जिससे जीएलपी-1 थेरेपी अधिक लोगों के लिए सुलभ हो गई है।
- पहुँच में वृद्धि: पूरे भारत में व्यापक उपलब्धता, विशेष रूप से मध्यम और निम्न आय वर्ग के लोगों को लाभ पहुँचा रही है।
- बाजार में प्रतिस्पर्द्धा में वृद्धि: कई दवा कंपनियों के इस क्षेत्र में प्रवेश करने से नवाचार और मूल्य दक्षता में वृद्धि हुई है।
- सार्वजनिक स्वास्थ्य परिणामों में सुधार: अधिक पहुँच से मोटापा, मधुमेह और संबंधित चयापचय विकारों के बढ़ते बोझ से निपटने में सहायता मिल सकती है।
- नियामक चुनौतियाँ: दुरुपयोग, अत्यधिक प्रिस्क्रिप्शन और भ्रामक विज्ञापनों का बढ़ता जोखिम, सख्त निगरानी की आवश्यकता को दर्शाता है।
- स्वास्थ्य सेवा प्रणाली पर प्रभाव: दीर्घकालिक रोग बोझ और संबंधित स्वास्थ्य देखभाल लागत में संभावित कमी।
- उपचार परिदृश्य में परिदृश्य: मोटापे के औषधीय प्रबंधन को मजबूत करता है, जीवनशैली में बदलाव और बैरिएट्रिक सर्जरी के बीच के अंतर को पाटता है।
‘थिन-फैट फेनोटाइप’ (Thin-Fat Phenotype) क्या है?
- पतले-मोटे दिखने की समस्या एक ऐसी स्थिति को संदर्भित करती है, जिसमें व्यक्ति बॉडी मास इंडेक्स (BMI) के अनुसार पतला दिखता है, लेकिन उसके शरीर में वसा का प्रतिशत, विशेष रूप से पेट की वसा (एब्डोमिनल फैट), अधिक होता है।
- ऐसे व्यक्तियों में अक्सर निम्नलिखित लक्षण होते हैं:
- मांसपेशियों का कम होना
- अंगों के आस-पास वसा का अधिक जमाव
- इंसुलिन प्रतिरोध में वृद्धि
- भारतीयों और दक्षिण एशियाई जैसी आबादी में सामान्य।
- इसके कारण निम्नलिखित बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है:
- टाइप-2 मधुमेह
- हृदय रोग
- मेटाबोलिक सिंड्रोम।
|