संदर्भ
हाल ही में भारत का सबसे बड़ा निजी रूप से विकसित पृथ्वी अवलोकन उपग्रह, मिशन दृष्टि (Mission Drishti), को स्पेसएक्स (SpaceX) के फाल्कन-9 (Falcon 9) के माध्यम से वैंडनबर्ग (Vandenberg), अमेरिका से सफलतापूर्वक प्रक्षेपित किया गया।
मिशन दृष्टि के बारे में
- मिशन दृष्टि विश्व का पहला ऑप्टोसार (OptoSAR) उपग्रह है, जो उन्नत पृथ्वी अवलोकन के लिए इलेक्ट्रो-ऑप्टिकल (Electro-Optical) और सिंथेटिक अपर्चर रडार (SAR) इमेजिंग को एकीकृत करता है।

- प्रक्षेपण: इसे गैलेक्सआई (GalaxEye) द्वारा विकसित किया गया है और स्पेसएक्स के फाल्कन-9 राकेट के माध्यम से प्रक्षेपित किया गया, जो भारत के निजी अंतरिक्ष पारिस्थितिकी तंत्र में एक महत्त्वपूर्ण उपलब्धि है।
- गैलेक्सआई (GalaxEye) कर्नाटक स्थित एक निजी अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी कंपनी है, जो उन्नत पृथ्वी अवलोकन समाधानों पर केंद्रित है।
- यह विशेष रूप से मल्टी-सेंसर उपग्रह प्रणालियों में विशेषज्ञता रखती है, खासकर ऑप्टोसार (OptoSAR) प्रौद्योगिकी में।
- मिशन दृष्टि के घटक
- सिंथेटिक अपर्चर रडार (SAR): एक सक्रिय माइक्रोवेव सेंसर, जो X-बैंड में VV ध्रुवण (Polarization) के साथ कार्य करता है, और स्ट्रिपमैप (Stripmap) तथा स्पॉटलाइट (Spotlight) मोड का उपयोग करके सभी मौसम और दिन-रात की परिस्थितियों में उच्च-रिजॉल्यूशन (0.9 मीटर तक) इमेजिंग सक्षम बनाता है।
- मल्टीस्पेक्ट्रल इमेजिंग सेंसर (MSI): एक निष्क्रिय ऑप्टिकल सेंसर, जो सात स्पेक्ट्रल बैंड्स (जैसे- कोस्टल ब्लू, रेड एज और नियर-इन्फ्रारेड) में 3.6 मीटर रिजॉल्यूशन के साथ डेटा कैप्चर करता है, जो पर्यावरण और कृषि विश्लेषण के लिए उपयोगी है।
- ऑप्टोसार फ्यूजन पेलोड (OptoSAR Fusion Payload): एक एकीकृत प्रणाली, जो एक ही पास में SAR और MSI डेटा को संयोजित कर 1.8 मीटर रिजॉल्यूशन वाली विश्लेषण आधरित इमेजरी प्रदान करती है, जिससे पोस्ट-प्रोसेसिंग की आवश्यकता समाप्त होती है और डेटा की सटीकता बढ़ती है।
- संचार एंटीना (Communication Antenna): एक ‘हाई-गेन’ प्रणाली, जो उपग्रह से ग्राउंड स्टेशनों तक रीयल-टाइम डेटा संचार को सुनिश्चित करती है।
- स्टार ट्रैकर (Star Tracker): एक सटीक ऑप्टिकल उपकरण, जो तारों को ट्रैक कर उपग्रह की स्थिति और अभिविन्यास निर्धारित करता है, जिससे सटीक इमेजिंग संभव होती है।
- सोलर पैनल: उच्च दक्षता वाले फोटोवोल्टाइक इकाइयाँ, जो उपग्रह को निरंतर ऊर्जा आपूर्ति प्रदान करती हैं।
ऑप्टोसार (OptoSAR) प्रौद्योगिकी के बारे में
- ड्यूल-सेंसर एकीकरण: एक ही उपग्रह प्लेटफॉर्म पर ऑप्टिकल इमेजिंग और सिंथेटिक अपर्चर रडार (SAR) को संयोजित करता है।
- ऑप्टिकल इमेजिंग क्षमता: उच्च-रिजॉल्यूशन, रंगीन चित्रों को स्पष्ट दृश्य विवरण के साथ कैप्चर करता है, लेकिन बादलों और अँधेरे से प्रभावित होता है।
- SAR की कार्यक्षमता: रडार संकेतों का उपयोग करके सभी मौसम और दिन-रात की परिस्थितियों में इमेज तैयार करता है, हालाँकि इसकी व्याख्या करना अपेक्षाकृत कठिन होता है।
- समकालिक डेटा संग्रह: दोनों सेंसर एक ही समय पर एक ही स्थान की इमेजिंग करते हैं, जिससे कोण या समय के अंतर की समस्या नहीं होती है।
- संलयित उच्च-गुणवत्ता आउटपुट: ऑप्टिकल स्पष्टता और रडार की क्षमता को मिलाकर स्पष्ट, विश्वसनीय और विश्लेषण-आधारित इमेजरी प्रदान करता है।
- उन्नत निगरानी क्षमता: लगभग 1.8 मीटर रिजॉल्यूशन प्रदान करता है, जिससे भूमि, जल और अवसंरचना की सटीक निगरानी संभव होती है।
- भारत के लिए प्रासंगिकता: मानसून के दौरान भी निरंतर निगरानी सुनिश्चित करता है, जिससे कृषि, आपदा प्रबंधन, रक्षा और तटीय निगरानी में सहायता मिलती है।
|
- प्रमुख विशेषताएँ
- ऑप्टोसार (OptoSAR) प्रौद्योगिकी: उन्नत इमेजिंग क्षमता के लिए एक ही प्लेटफॉर्म पर इलेक्ट्रो-ऑप्टिकल (EO) और सिंथेटिक अपर्चर रडार (SAR) सेंसरों को संयोजित करती है।
- सभी मौसम में इमेजिंग: बादलों या मौसम की परिस्थितियों की परवाह किए बिना निरंतर डेटा संग्रह सुनिश्चित करता है।
- दिन-रात निगरानी: पारंपरिक ऑप्टिकल उपग्रहों की सीमाओं को पार करते हुए सतत निगरानी क्षमता प्रदान करता है।
- यह सन-सिंक्रोनस ‘निम्न पृथ्वी कक्षा’ ( LEO) का अनुसरण करेगा।
- उच्च-आवृत्ति डेटा संग्रह: विभिन्न भू-भागों और पर्यावरणीय परिस्थितियों में सतत् और विश्वसनीय इमेजिंग को सक्षम बनाता है।
- रणनीतिक और रक्षा उपयोगिता: निगरानी, सीमा प्रबंधन और समुद्री क्षेत्र जागरूकता को सुदृढ़ करता है, जिसमें इसके दोहरे उपयोग अनुप्रयोग शामिल हैं।
- नागरिक उपयोग: कृषि योजना, आपदा प्रबंधन, अवसंरचना निगरानी और शहरी विकास को बेहतर बनाता है।
- निजी अंतरिक्ष क्षेत्र को बढ़ावा: इन-स्पेस (IN-SPACe) के मार्गदर्शन में भारत के निजी अभिकर्ताओं की बढ़ती क्षमताओं को प्रदर्शित करता है।
- अंतरिक्ष अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करना: वैश्विक बाजारों में उच्च-गुणवत्ता पृथ्वी अवलोकन डेटा के प्रतिस्पर्द्धी प्रदाता के रूप में भारत की स्थिति को मजबूत करता है।