संदर्भ
वर्ष 2026 फीफा विश्व कप में अर्जेंटीना के खिलाड़ियों द्वारा फॉकलैंड आइलैंड्स (इस्लास माल्विनास) पर अर्जेंटीना के दावे के समर्थन में बैनर प्रदर्शित किए जाने से यह विवाद पुनः सुर्खियों में आ गया है।
फॉकलैंड आइलैंड्स (इस्लास माल्विनास) के बारे में
- अवस्थिति: दक्षिण अटलांटिक महासागर में स्थित एक द्वीपसमूह है, जो अर्जेंटीना के पैटागोनिया तट से लगभग 500 किमी. पूर्व तथा अंटार्कटिका से लगभग 1,200 किमी. उत्तर में स्थित है।
- राजनीतिक स्थिति: यह यूनाइटेड किंगडम का एक ब्रिटिश प्रवासी क्षेत्र है, जिसका प्रशासन यूनाइटेड किंगडम द्वारा किया जाता है, जबकि अर्जेंटीना भी इस पर दावा करता है और इसे इस्लास माल्विनास नाम से जाना जाता है।
- राजधानी: स्टेनली (पूर्वी फॉकलैंड में स्थित)।
- क्षेत्रफल: लगभग 12,173 वर्ग किमी.।
- संरचना: इसमें दो प्रमुख द्वीप- पूर्वी फॉकलैंड एवं पश्चिमी फॉकलैंड तथा लगभग 770 छोटे द्वीप शामिल हैं।
- सर्वोच्च बिंदु: माउंट उसबोर्न (Mount Usborne) जो लगभग 705 मीटर ऊँचा है, पूर्वी फॉकलैंड में स्थित है।

- प्रमुख जल निकाय: यह दक्षिण अटलांटिक महासागर में पैटागोनियन महाद्वीपीय मग्नतट (Patagonian Shelf) के पूर्व और ड्रेक जलडमरूमध्य के उत्तर में स्थित है, जो अटलांटिक महासागर तथा प्रशांत महासागर को जोड़ता है।
- जलवायु: शीतोष्ण महासागरीय जलवायु, जिसकी विशेषताएँ प्रबल पश्चिमी पवनें, वार्षिक तापमान में न्यूनतम परिवर्तन तथा मध्यम वर्षा हैं।
- वनस्पतियाँ: मुख्यतः समशीतोष्ण घासस्थल, पीटलैंड तथा टसक घास (Tussac Grass) पाई जाती है; यहाँ कोई प्राकृतिक (देशज) वन नहीं है।
- जैव विविधता: यह पेंगुइन (किंग, जेंटू, रॉकहॉपर, मैजेलैनिक), अल्बाट्रॉस, सील, सी लायन, एलीफेंट सील तथा व्हेल के लिए प्रसिद्ध है।
सामरिक महत्त्व
- दक्षिण अटलांटिक के महत्त्वपूर्ण समुद्री मार्गों तक पहुँच को नियंत्रित करता है।
- केप हॉर्न तथा ड्रेक जलडमरूमध्य के निकट अवस्थित है।
- दक्षिण अटलांटिक एवं अंटार्कटिक क्षेत्र में अभियानों के लिए एक सामरिक आधार के रूप में कार्य करता है।
- यह विश्व के सबसे समृद्ध मत्स्यन क्षेत्रों में से एक तथा संभावित तेल एवं प्राकृतिक गैस भंडारों से घिरा हुआ है।
फॉकलैंड आइलैंड्स विवाद
- विवाद की उत्पत्ति: वर्ष 1833 में यूनाइटेड किंगडम ने द्वीपों पर पुनः नियंत्रण स्थापित किया, जिसे अर्जेंटीना अवैध कब्जा मानता है।
- अर्जेंटीना का दावा: अर्जेंटीना का तर्क है कि वर्ष 1816 में स्वतंत्रता प्राप्त करने के बाद उसने स्पेन से इन द्वीपों पर संप्रभुता प्राप्त की थी तथा वह इन्हें इस्लास माल्विनास के नाम से संबोधित करता है।
- वर्ष 1982 का फॉकलैंड युद्ध
- यह युद्ध अर्जेंटीना और यूनाइटेड किंगडम के मध्य 74 दिनों तक चला था।
- इसका परिणाम ब्रिटेन की विजय के रूप में हुआ और यूनाइटेड किंगडम ने द्वीपों पर अपना नियंत्रण बनाए रखा।
- वर्ष 2013 का जनमत-संग्रह: इसमें भाग लेने वाले लगभग 99.8% द्वीपवासियों ने ब्रिटिश प्रवासी क्षेत्र (British Overseas Territory) बने रहने के पक्ष में मतदान किया।
- संयुक्त राष्ट्र का दृष्टिकोण: संयुक्त राष्ट्र इसे संप्रभुता संबंधी विवाद मानते हुए शांतिपूर्ण द्विपक्षीय वार्ता का समर्थन करता रहा है, जबकि यूनाइटेड किंगडम का कहना है कि द्वीपवासियों की इच्छाओं का सम्मान किया जाना चाहिए।