संदर्भ
24 जून, 2026 को वेनेजुएला के उत्तर-मध्य क्षेत्र में एक मिनट के भीतर 7.2 एवं 7.5 तीव्रता के दो शक्तिशाली भूकंप आए, जिन्होंने विवर्तनिक जोखिम, शहरी संवेदनशीलता तथा आपदा प्रबंधन से जुड़ी संयुक्त चुनौतियों को उजागर किया।

हाल के भूकंप की प्रमुख विशेषताएँ
- तीव्रता एवं क्रम: पहला भूकंप 7.2 तीव्रता का था, जिसके लगभग 39 सेकंड बाद 7.5 तीव्रता का अधिक शक्तिशाली भूकंप आया।
- दोनों भूकंप की उत्पत्ति उथले स्थान पर हुई, जिसके कारण अत्यधिक तीव्र भूमि कंपन हुआ और सतह पर अधिकतम विनाश हुआ।

- मानवीय प्रभाव: विभिन्न रिपोर्टों के अनुसार, मृतकों की संख्या बढ़कर कम-से-कम 235 हो गई है तथा 4,300 से अधिक लोग घायल हुए हैं।
- बचाव अभियान जारी रहने तथा 40,000 से अधिक नागरिकों के मलबे के नीचे दबे होने के कारण कुल हताहतों की संख्या में और वृद्धि होने की आशंका है।

- भौगोलिक विस्तार: मुख्य प्रभाव क्षेत्र काराकास तथा पाँच उत्तर-मध्य राज्यों—मिरांडा, ला ग्वाइरा, अरागुआ, काराबोबो तथा फाल्कन में विस्तृत है।
- अधिकेंद्र काराकास के पश्चिम में स्थित युमारे–मोरोन क्षेत्र के निकट थे।
- भूकंप के झटके इतने शक्तिशाली थे कि पड़ोसी कोलंबिया (बोगोटा) तथा ब्राजील के कुछ भागों में ऊँची इमारतों को खाली कराना पड़ा।
- अवसंरचनात्मक विफलता: 100 से अधिक बड़ी इमारतें पूरी तरह ध्वस्त हो गईं, जिनमें प्लाया ग्रांडे का 13-मंजिला आवासीय भवन तथा अल्तामीरा का 22-मंजिला टॉवर शामिल है।
- विद्युत ग्रिड, दूरसंचार, जलापूर्ति, चिकित्सा नेटवर्क तथा मुख्य सिमोन बोलिवार अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का संचालन सहित जीवन संबंधी महत्त्वपूर्ण अवसंरचनाओं में गंभीर प्रणालीगत विफलता हुई।
- राज्य की कार्रवाई: वेनेजुएला सरकार ने राष्ट्रीय आपातकाल घोषित किया, मलबा हटाने के लिए भारी मशीनरी तैनात की तथा प्राथमिक खोज एवं बचाव कार्यों को सक्षम बनाने हेतु प्राथमिक यातायात मार्गों को खाली करने का प्रयास किया।

भूकंपीय द्विक (Seismic Doublet) के बारे में
- भूकंपीय द्विक (Seismic Doublet) से आशय एक ही विवर्तनिक क्षेत्र में अत्यंत कम समयांतराल के भीतर आने वाले समान तीव्रता वाले दो निकटवर्ती भूकंपों से है।
- सामान्य भूकंपीय अनुक्रम से भिन्नता: सामान्य भूकंपीय अनुक्रम में एक शक्तिशाली मुख्य भूकंप (Mainshock) के बाद पृथ्वी की भूपर्पटी के समायोजन के दौरान उससे काफी कम तीव्रता वाले अनेक भूकंप पश्चात् झटके उत्पन्न होते हैं।
- इसके विपरीत, भूकंपीय द्विक में परस्पर निकटता से जुड़े किंतु भिन्न भ्रंशों (Faults) के विखंडन से उत्पन्न दो प्रमुख ऊर्जा विमोचन होते हैं।
- तनाव स्थानांतरण तंत्र: प्रारंभिक 7.2 तीव्रता के भूकंप ने स्थानीय भूपर्पटीय तनाव क्षेत्र में परिवर्तन कर दिया।
- इस तीव्र स्थैतिक अथवा गतिशील तनाव स्थानांतरण ने निकटवर्ती संबंधित भ्रंश खंड को अस्थिर कर दिया, जिसके परिणामस्वरूप 39 सेकंड बाद 7.5 तीव्रता का दूसरा एवं अधिक शक्तिशाली मुख्य भूकंप उत्पन्न हुआ।
भूकंपों के कारण क्या थे?
- प्लेट सीमा की स्थिति: वेनेजुएला एक अत्यधिक सक्रिय प्लेट सीमा पर स्थित है, जहाँ कैरेबियाई प्लेट तथा दक्षिण अमेरिकी प्लेट परस्पर अंतःक्रिया करती हैं।
- ‘स्ट्राइक-स्लिप’ भ्रंशन (Strike-Slip Faulting): संयुक्त राज्य भू-वैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) ने पुष्टि की कि दोनों भूकंप जटिल सान सेबास्टियन भ्रंश तंत्र के समानांतर उथले ‘स्ट्राइक-स्लिप’ भ्रंशन के परिणामस्वरूप उत्पन्न हुए।
- स्ट्राइक-स्लिप विवर्तनिक संरचनाओं में निकटवर्ती स्थलमंडलीय खंड ऊर्ध्वाधर भ्रंश तल के साथ एक-दूसरे के समानांतर क्षैतिज दिशा में खिसकते हैं।
- भ्रंशन की गहराई में भिन्नता: यद्यपि दोनों भूकंप उथले थे, फिर भी क्षेत्रीय एजेंसियों ने एक महत्त्वपूर्ण अंतर दर्ज किया—प्रारंभिक 7.2 तीव्रता का पूर्वकंपन लगभग 22 किमी. की गहराई पर उत्पन्न हुआ, जबकि उसके बाद आया 7.5 तीव्रता का मुख्य भूकंप अत्यंत उथला था, जिसका भ्रंशन केवल 10 किमी. की गहराई पर हुआ, जिससे उसकी गतिज ऊर्जा सीधे शहरी सतही संरचनाओं के निकट मुक्त हुई।
भूकंप इतने विनाशकारी क्यों थे?
- क्रमिक संरचनात्मक भार प्रभाव: अवसंरचना पर संचयी संरचनात्मक क्षति का प्रभाव पड़ा।
- जिन भवनों के स्तंभ एवं भार-वहन करने वाली दीवारें प्रारंभिक 7.2 तीव्रता के झटके से क्षतिग्रस्त हो चुके थे, उनकी संरचनात्मक अवमंदन क्षमता समाप्त हो गई, जिसके कारण 39 सेकंड बाद 7.5 तीव्रता के मुख्य भूकंप के आते ही वे तत्काल क्रमिक रूप से ढह गए।
- ऊर्जा उत्सर्जन बनाम तीव्रता मापन (Energy Yield vs. Magnitude Scale): रिक्टर अथवा मोमेंट मैग्नीट्यूड स्केल लघुगणकीय (Logarithmic) होता है; इसमें एक इकाई की वृद्धि का अर्थ लगभग 32 गुना अधिक ऊर्जा उत्सर्जन होता है।
- 7.2 से 7.5 तीव्रता तक की वृद्धि का अर्थ था कि दूसरे भूकंप ने लगभग 2.8 गुना अधिक भूकंपीय ऊर्जा मुक्त की, जिससे विनाश की गया।
- अत्यंत कम उपसतही गहराई: मुख्य भूकंप का हाइपोसेंटर (Hypocenter) केवल 10 किमी. की गहराई पर था, जिससे भूकंपीय तरंगों को सतह तक पहुँचने के लिए बहुत कम दूरी तय करनी पड़ी।
- फलस्वरूप, भूपर्पटीय क्षीणन (Crustal Attenuation) बहुत कम हुआ और भूकंपीय तरंगों ने शहरी भवनों की नींव को अत्यधिक अधिकतम भूतलीय त्वरण के साथ प्रभावित किया।
- शहरी घनत्व एवं संरचनात्मक संवेदनशीलता: काराकास जैसे घनी आबादी वाले शहरी केंद्रों में बड़ी संख्या में बहुमंजिला भवन स्थित हैं।
- भूकंप-रोधी निर्माण मानकों का कमजोर अनुपालन, अनौपचारिक चिनाई निर्माण तथा व्यवस्थित रेट्रोफिटिंग के अभाव ने भवनों को अत्यधिक संवेदनशील बना दिया।
- जीवनरेखा संबंधी अवसंरचना की संयुक्त विफलता: विद्युत लाइनों एवं दूरसंचार प्रणालियों के एक साथ नष्ट होने से महत्त्वपूर्ण ‘गोल्डन ऑवर’ के दौरान बचाव कार्यों का समन्वय गंभीर रूप से प्रभावित हुआ।
- इसके अतिरिक्त, क्षेत्रीय अस्पतालों को भी संरचनात्मक क्षति पहुँची, जिससे बड़ी संख्या में घायलों के पहुँचने पर आपातकालीन ‘ट्रायेज’ (Emergency Triage) व्यवस्था चरमरा गई।
- पूर्ववर्ती मानवीय एवं संस्थागत दबाव: यह आपदा ऐसे समय आई, जब देश पहले से ही गंभीर आर्थिक एवं संस्थागत संकटों का सामना कर रहा था।
- इस प्रणालीगत दबाव ने सरकार की घरेलू आपातकालीन संसाधन क्षमता को कमजोर कर दिया तथा राज्य को त्वरित विदेशी राहत पर अत्यधिक निर्भर बना दिया।
- पूर्व चेतावनी प्रणाली की कमी: प्रभावी स्थानीय पूर्व चेतावनी प्रणाली के सीमित अथवा अनुपस्थित होने के कारण जनसंख्या का जोखिम अधिकतम रहा। फलस्वरूप, घनी आबादी वाले आवासीय क्षेत्रों को निकासी प्रोटोकॉल लागू करने के लिए कोई अग्रिम समय नहीं मिल सका।
इस भूकंप से सीख
- गतिशील भूकंपीय जोखिम मॉडलिंग: भवन डिजाइन ढाँचों में संशोधन कर उन्हें केवल एक भूकंपीय झटके को सहन करने की धारणा से आगे बढ़ाया जाना चाहिए।
- सिविल इंजीनियरिंग संहिताओं में दीर्घकालिक अधिकतम भूतलीय त्वरण का सामना करने हेतु भूकंपीय द्विक (Doublet) जोखिम प्रोफाइल को सम्मिलित किया जाना चाहिए।
- बहुस्तरीय आपातकालीन संचार प्रणालियाँ: संपूर्ण संचार अवरोध को रोकने के लिए आपदा प्रबंधन ढाँचों में विकेंद्रीकृत एवं शीघ्र तैनात किए जा सकने वाले उपग्रह टर्मिनल, रेडियो नेटवर्क तथा संचार प्रणालियों की अनिवार्य व्यवस्था की जानी चाहिए।
- अनिवार्य संरचनात्मक लेखापरीक्षण: संवेदनशील शहरों में अनिवार्य भूकंप-रोधी संरचनात्मक लेखापरीक्षण तथा पुराने सार्वजनिक आवासों एवं घने बहुमंजिला भवनों के लक्षित रेट्रोफिटिंग के साथ कठोर शहरी नियोजन प्रोटोकॉल लागू किए जाने चाहिए।
- सक्रिय सूक्ष्म-स्तरीय शासन: शहरी प्रत्यास्थता विकेंद्रीकृत आपदा प्रबंधन पर निर्भर करती है, जिसके लिए वार्ड-स्तरीय निकासी मानचित्र, संरचनात्मक रूप से सुरक्षित खुले स्थान तथा अनिवार्य अस्पताल सुरक्षा लेखापरीक्षण आवश्यक हैं।
- संवेदनशील राज्यों हेतु अनुकूलित अंतरराष्ट्रीय प्रोटोकॉल: वैश्विक आपदा प्रतिक्रिया ढाँचों (जैसे– संयुक्त राष्ट्र INSARAG नेटवर्क) को गंभीर सामाजिक-आर्थिक अथवा संस्थागत संकटों से जूझ रहे देशों के लिए विशेष रूप से अनुकूलित त्वरित संचालन प्रोटोकॉल विकसित करने चाहिए।
भारत की प्रतिक्रिया
- आधिकारिक राजनयिक वक्तव्य: भारत के प्रधानमंत्री ने वेनेजुएला की जनता एवं सरकार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए आधिकारिक रूप से भारत की एकजुटता प्रकट की तथा कहा कि इस संकट की घड़ी में भारत हरसंभव सहायता प्रदान करने के लिए तैयार है।
- वैश्विक दक्षिण में मानवीय नेतृत्व: यह त्वरित राजनयिक प्रतिक्रिया वैश्विक दक्षिण में प्रथम प्रत्युत्तरकर्ता (First Responder) तथा उत्तरदायी भागीदार के रूप में कार्य करने की भारत की रणनीतिक विदेश नीति को दर्शाती है।
- संभावित परिचालन क्षमताएँ: तुर्किए–सीरिया भूकंप के दौरान ऑपरेशन दोस्त जैसे पूर्व आपदा कूटनीतिक अभियानों के अनुभव के आधार पर, यदि वेनेजुएला अनुरोध करता है, तो भारत की संभावित मानवीय सहायता एवं आपदा राहत (HADR) में निम्नलिखित शामिल हो सकते हैं:
- राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की विशेषीकृत खोज एवं बचाव टीमों की त्वरित तैनाती।
- भारतीय सेना चिकित्सा कोर के कार्मिकों तथा मोबाइल फील्ड अस्पतालों की तैनाती।
- विशेषीकृत औषधियों, संरचनात्मक सेंसरों तथा स्वच्छता सामग्री सहित आवश्यक आपातकालीन राहत सामग्री की आपूर्ति।
निष्कर्ष
वेनेजुएला का भूकंपीय द्विक (Seismic Doublet) दर्शाता है कि आपदाएँ केवल प्राकृतिक घटनाएँ नहीं होतीं; वे तब संकट में परिवर्तित हो जाती हैं, जब भू-वैज्ञानिक जोखिम, कमजोर भवनों, जर्जर अवसंरचना तथा सीमित संस्थागत तैयारी के साथ मिल जाते हैं। यह त्रासदी प्रत्यास्थ शहरी नियोजन, भूकंपीय पुनर्संरचना, पूर्व चेतावनी प्रणालियों तथा समन्वित अंतरराष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया की आवश्यकता को पुनः रेखांकित करती है।